
गौरव श्रीवास्तव/ अमन गुप्ता,आजमगढ़।उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में 22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित वृहद/मेगा शिविर के मद्देनजर गुरुवार को निजामाबाद क्षेत्र के अम्बरपुर स्थित वृद्धाश्रम में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नितिका राजन ने वरिष्ठ नागरिकों को जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में निर्बल वर्ग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन, वृद्धजन, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के पात्र व्यक्तियों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।सचिव ने बताया कि जो वरिष्ठ नागरिक अभी वृद्धा पेंशन योजना से आच्छादित नहीं हैं, वे समाज कल्याण विभाग को प्रार्थना पत्र देकर मेगा शिविर में योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कैम्प लगाकर खून की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया गया।इस अवसर पर सचिव ने वृद्धजनों से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली, जिसमें किसी प्रकार की समस्या सामने नहीं आई। साथ ही वृद्धाश्रम परिसर में पौधरोपण कराने के लिए वन विभाग को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए। वर्तमान में वृद्धाश्रम में 89 वृद्धजन निवास कर रहे हैं, जिनमें 41 महिलाएं शामिल हैं। सभी वृद्धजनों ने वृद्धाश्रम में भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित सेवाओं एवं जन-जागरूकता अभियानों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
