
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दंपति और बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को पुलिस ने बुधवार को सरायपुल तिराहा से दबोचा।पुलिस के अनुसार, ग्राम खेमीपुर निवासी सरिता पत्नी वासुदेव ने 9 फरवरी 2026 को थाना पवई में तहरीर देकर बताया कि उसी दिन सुबह करीब 7:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कमलेश बिंद, रतीलाल, रोहित और चन्द्रेश उनके घर के पास पहुंचे और उनके पति वासुदेव व सास निन्हकी को गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।हमले में वासुदेव और निन्हकी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि वासुदेव के सीने में भी गंभीर चोट लगी और उनकी नाक से खून बहने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पवई में मुकदमा संख्या 27/2026 धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।मामले की जांच के दौरान बुधवार को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर सरायपुल तिराहा पहुंचे, जहां से वांछित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश बिंद (45 वर्ष), रतीलाल (44 वर्ष), रोहित (29 वर्ष) और चन्द्रेश (34 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम खेमीपुर के निवासी हैं।पुलिस ने चारों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
