

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। साइबर हेल्प डेस्क की सक्रियता के चलते ठगी गई धनराशि में से 28,837 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए। घटना के अनुसार पीड़ित मुराराम निषाद पुत्र छुन्नू राम, निवासी राहुल नगर मड़या, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ के बैंक खाते से बिना जानकारी के 33,737 रुपये कट गए थे। इस संबंध में पीड़ित द्वारा थाना कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क पर ऑनलाइन शिकायत (शिकायत संख्या 33109250113468) दर्ज कराई गई। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की गई धनराशि में से 28,837 रुपये को तत्काल होल्ड कर लिया गया और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि भविष्य में बिना जानकारी के खाते से कोई धनराशि कटती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें, साथ ही अपने संबंधित बैंक को भी लिखित सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।इस कार्रवाई में थाना कोतवाली आजमगढ़ की पुलिस टीम—उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, कांस्टेबल नीरज कुमार एवं कांस्टेबल आशुतोष दुबे की अहम भूमिका रही।
