आजमगढ़ गौशाला में घुसकर गाय की हत्या करने वाले दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद ने थाना अतरौलिया पुलिस ने 18 नवंबर को गोकशी की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो कुख्यात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त चापड़ और मांस बिक्री से प्राप्त 10,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, बीते 8-9 नवंबर की रात्रि ग्राम गोरथानी निवासी राजू पुत्र हरिराम के बरदौरे का ताला तोड़कर अज्ञात अभियुक्तों ने दो प्रतिबंधित पशुओं की हत्या कर दी थी और मांस लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की थी। बाद में बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज दोपहर 13:10 बजे मंडोही-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के नीचे दबिश देकर निम्नलिखित अभियुक्तों को धर-दबोचा। अभियुक्तों में इरफान पुत्र वाजिद अली (36 वर्ष), निवासी कौड़ाही, थाना बसखारी, जिला अम्बेडकरनगर, शहजादे आलम उर्फ चांद पुत्र मोहम्मद इलियास (32 वर्ष), निवासी मोहल्ला अब्दुल कलाम नगर, कस्बा अतरौलिया के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे अपने चार साथियों आरिफ, एकलाख, शमीम और करीम निवासी अम्बेडकरनगर के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से गोकशी करते हैं। घटना वाले दिन छ: लोग मिलकर ताला तोड़कर अंदर घुसे, दोनों पशुओं को काटा, मांस कार में भरकर ले गए और बिक्री की रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो चापड़ और कुल 10,500 रुपये नकद बरामद कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। शेष चार फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।अभियुक्त इरफान पर गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, NDPS, आर्म्स एक्ट समेत कुल 13 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जबकि शहजादे आलम पर NDPS और आर्म्स एक्ट के दो पुराने मुकदमे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *