

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रोडवेज के बलिया डिपो की बस संख्या UP78 LN 6113 में 5 सितंबर को 45 मिनट के अंतराल में दो एमडी स्क्वाड की जांच में कुल 17 यात्री बिना टिकट मिलने का मामला सामने आया है। भाजपा आजमगढ़ नगर महामंत्री नीरज सिंह ने जिलाधिकारी और क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर मामले की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, मऊ से बलिया जा रही बस की करीब 3:45 बजे प्रवेश सिंह ने जांच की, जिसमें 12 यात्री बिना टिकट मिले। करीब 4:30 बजे रामबृक्ष यादव की दोबारा जांच में पांच और यात्री बिना टिकट पाए गए। शिकायतकर्ता ने 45 मिनट में दो अलग-अलग जांचों में 17 यात्रियों के बिना टिकट मिलने पर जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता और पूर्णता पर सवाल उठाए हैं।उन्होंने दोनों जांच रिपोर्ट, वे-बिल, ETM रिकॉर्ड, टिकट बिक्री विवरण और GPS डेटा का मिलान कराने तथा जांचकर्ताओं के अधिकार/आदेश का सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही जांच किसी ऐसे अधिकारी से कराने की मांग की गई है, जो संबंधित जांचकर्ताओं या डिपो से जुड़ा न हो। अनियमितता प्रमाणित होने पर दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा भी मौजूद रहे।
