


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए दीवानी न्यायालय परिसर स्थित “हॉल ऑफ जस्टिस” में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक न्यायिक नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत ओम प्रकाश मिश्रा-III, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव सहित समस्त न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में बताया गया कि माननीय उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायालय तथा सभी तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मोटर दुर्घटना, दीवानी, वैवाहिक, आपराधिक समनीय, एनआई एक्ट, बैंक ऋण, विद्युत, राजस्व व चकबंदी से जुड़े मामलों सहित ऐसे सभी वादों का निस्तारण किया जाएगा, जिन्हें आपसी सुलह-समझौते से निपटाया जा सकता है।न्यायिक नोडल अधिकारी ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित पक्षों को समय से नोटिस व समन भेजने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि लोक अदालत में अधिकतम मामलों का निपटारा संभव हो सके।बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा गया कि वे सक्रिय भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाएं और अधिकाधिक वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
