
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में सोने-चाँदी का लालच देकर दो लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 1 लाख 90 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। आपको बता दे की अहिरौला थाना क्षेत्र के पश्चिम पट्टी निवासी नन्दलाल निषाद ने 12 फरवरी 2026 को थाना सरायमीर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि लगभग एक माह पहले धर्मेन्द्र कुमार निवासी कमरावा थाना गंभीरपुर ने झाड़-फूंक के बहाने संपर्क किया। इसके बाद उसने अपने साथी रामआशीष मौर्या के पास 20 किलो चाँदी और दो सोने की ईंट होने का लालच दिया।पीड़ित नें बताया की 10 फरवरी 2026 को छित्तेपुर पेट्रोल पंप के पास दोनों आरोपियों ने उनसे 2 लाख रुपये लेकर कागज में लिपटे दो थैले थमा दिए और मौके से फरार हो गए। बाद में थैला खोलने पर उसमें पीतल के टुकड़े निकले। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी क्रम में 12 फरवरी को उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर खण्डवारी नहर पुलिया के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र कुमार बताया और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद हुए।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार आरोपी रामआशीष मौर्या की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश जारी है।
