अनियंत्रित मारुति कार सड़क किनारे पेड़ से टकराई, जिसमें कार सवार दो लोगों की मौके पर मौत, चालक गंभीर रूप से घायल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़।जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित मारुति कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिसमें कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।आपको बता दे कि रविवार को करीब सात बजे जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास मारुति कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में सिद्दीकी पुत्र हाशिम (38 वर्ष), निवासी दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर तथा शशि सिंह पुत्र राम जन्म सिंह (40 वर्ष), निवासी सेमौर, थाना जखनियां, जनपद गाजीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक तौफीक पुत्र हाशिम, निवासी दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि चालक तौफीक मृतक सिद्दीकी का भाई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों लोगों की गाजीपुर जिले के जखनियां क्षेत्र में कपड़ों की दुकान है। वे खलीलाबाद से कपड़े लेकर दुल्लहपुर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास कार दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस द्वारा जांच की गई। दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *