

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ रील बनाकर दबंगई का प्रदर्शन करना एक महिला को भारी पड़ गया। आजमगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत महिला की पहचान कर उसके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर पड़ी, जिसमें एक महिला रिवाल्वर के साथ रील बनाकर पोस्ट करती दिखाई दे रही थी।पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित महिला की पहचान की। इस तरह के प्रदर्शन से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए 24 नवंबर को महिला के खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की गई।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, चौकी प्रभारी सिविल लाइन उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा, कांस्टेबल दीपक, अनुज और महिला कांस्टेबल आकांक्षा सिंह शामिल रहीं।आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, अवैध दबंगई और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
