

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर के मातबरगंज स्थित श्री सुंदर गुरुद्वारा में मंगलवार, 24 नवंबर को सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न धर्मों के लोगों ने शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं और आपसी प्रेम, एकता तथा भाईचारे का संदेश दिया।प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में 22 और 23 नवंबर को सुबह 5:30 बजे श्री सुंदर गुरुद्वारे से प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस गुरुद्वारे पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु संगतों ने शब्द कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी के संदेशों का गुणगान किया।वहीं, 24 नवंबर को सुबह 10 बजे सहज पाठ साहिब जी की समाप्ति हुई। इसके उपरांत शब्द कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया तथा गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से मानवता को प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक आडंबरों का विरोध करते हुए सभी मनुष्यों को समान बताया। उनकी शिक्षाओं का मूल मंत्र ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ है, जिसका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और अपनी कमाई को दूसरों के साथ बांटकर खाना।गुरु नानक देव जी का संदेश ‘एक ओंकार’ आज भी पूरी मानवता को एकता और सद्भाव के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है। प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्ति और श्रद्धा के माहौल से सराबोर रहा।कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों की सहभागिता ने आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की।
