

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर बढ़ती गैंग संस्कृति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे युवकों को चिन्हित किया जो इंस्टाग्राम पर गैंग जैसी छवि प्रस्तुत करने वाली आईडी बनाकर समूह में क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे।जांच के दौरान पुलिस ने एक इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े युवक की पहचान की। जांच में संबंधित युवक नाबालिग पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे उसके अभिभावकों और बाल कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में थाना परिसर बुलाया।थाना पुलिस और बाल कल्याण अधिकारी ने नाबालिग की काउंसलिंग करते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई। अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पोस्टों से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती है, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक कदम उठाए।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक शशि सिंह तथा कांस्टेबल नीरज कुमार शामिल रहे।
