
प्रशासन ने सर्वे कर शासन को भेजी सर्वे रिपोर्टअब एयरपोर्ट अथार्टी ऑफ इंडिया की टीम करेगी जांच
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शासन की ओर से मंदुरी को इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कवायद काफी दिनों से की जा रही है। पूर्व में हुए सर्वे में 1000 से अधिक घर इसकी जद में आ रहे थे। इसे लेकर उन गांवों के ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया था। इसे देखते हुए शासन की ओर से इसे रोककर फिर से सर्वे कराया गया। नए सर्वे में अब 160 घर इसकी जद में आएंगे। जिला प्रशासन की ओर से इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी गई है। अब एयरपोर्ट अथार्टी ऑफ इंडिया की टेक्नीकल टीम इस मामले की जांच करेगी।बताते चलें कि जनपद के मंदुरी एयरपोर्ट का विस्तारीकरण कर इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कवायद काफी 2022 में ही शुरू हुई थी। लेकिन, लोगों के विरोध के चलते इसे रोक दिया गया था। शासन के निर्देश पर हुए सर्वे में 1000 से अधिक घर अधिग्रहण की चपेट में आ रहे थे। कई गांव इस सर्वे में अधिग्रहण की जद में थे। किसानों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। खिरिया बाग में उनके द्वारा धरना दिया जाने लगा। किसान नेता राजीव यादव, संदीप पांडेय आदि यहां आकर किसानों साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस लड़ाई को लड़ने लगे। इसके बाद सरकार ने ज्यादा से ज्यादा गांवों को बचाते हुए फिर से सर्वे करने का निर्देश दिया। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने नया सर्वे किया उनके द्वारा इस सर्वे में फोरलेन और बचने योग्य गांवों को बचाते हुए किया गया और अपनी रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी। नए सर्वे में मात्र 160 घर ही अधिग्रहण की जद में आ रहे हैं। अब जिला प्रशासन की ओर से भेजी गई सर्वे रिपोर्ट की जांच के लिए एयरपोर्ट अथार्टी ऑफ इंडिया की टीम जल्द ही जिले में आएगी और किए गए नए सर्वे की जांच करेगी।17 माह संचालन के बाद बंद हुई फ्लाइटरीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत सरकार ने मंदुरी एयरपोर्ट का विस्तार किया। अभी यहां से उड़ान शुरू होती उसके पहले ही सरकार ने इसे इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की कवायद शुरू कर दी। किसानों विरोध पर विस्तारीकरण रोक दिया गया और 11 मार्च 2024 को रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत फ्लाइविग कंपनी ने यहां से 19 शीटर विमान उड़ाना शुरू कर दिया। लगभग 17 माह तक यह उड़ान हुई इसके बाद लखनऊ में निर्माण का हवाला देते हुए उड़ान को अगस्त 2025 में बंद कर दिया गया। इसके बाद से फिर यहां से उड़ान शुरू नहीं हो सकी है।शासन की ओर से पुराने सर्वे के स्थान पर नए सर्वे का निर्देश दिया गया था। इसमें हाइवे और घरों को बचाते हुए करने के लिए कहा गया था। इसके लिए सर्वे का कार्य किया गया। रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है। अब एयरपोर्ट अथार्टी ऑफ इंडिया की टेक्नीकल टीम किए सर्वे की जांच करने के लिए जल्द ही जिले में आएगी।संजीव ओझा, मुख्य राजस्व अधिकारी।
