

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मुबारकपुर कस्बे में पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक के नेतृत्व में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने थाना मुबारकपुर क्षेत्र के कस्बा बाजार में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और मूर्ति विसर्जन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।आजमगढ़ पुलिस की ओर से त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।
